
संजू हत्याकांड के आरोपी को लगी गोली (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Noida Desk: नोएडा के हरौला गांव में हुए संजू हत्याकांड में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरनाम सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरेली के थाना भूता क्षेत्र के मगरासा गांव का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के हरौला गांव में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हरनाम सिंह हरौला गांव में किराए पर रहने वाले सुरेंद्र शर्मा की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने खौफनाक साजिश रची और 23/24 मई 2026 की रात को परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
नोएडा पुलिस मुठभेड़ में संजू हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी पर अपर पुलिस उपायुक्त ने दिया ये बयान #noidapoliceencounter #accusedarrested #sanjumurdercase pic.twitter.com/UCGOk6eDaP
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 25, 2026
घटना वाली रात सुरेंद्र शर्मा अपनी पत्नी संजू देवी और दो बेटियों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। तभी आरोपी छत पर पहुंचा और धारदार छूरे से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से पूरा परिवार लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान 40 वर्षीय संजू देवी की मौत हो गई। वहीं, सुरेंद्र शर्मा और उनकी दोनों बेटियों का इलाज अभी जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर थाना फेस-1 पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी के पास घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी हरनाम सिंह के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार छूरा, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। नोएडा जोन की अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Location : Noida
Published : 26 May 2026, 4:54 AM IST