खौफनाक: ‘कूड़े के ढेर में मिला शव, उड़े होश!’, 10 साल पहले काटा था प्राइवेट पार्ट और अब मेरठ में कत्ल

10 साल पहले पंजाब में हुई एक हत्या की रंजिश क्या मेरठ के अटेरना गांव में एक और हत्या की वजह बन गई? क्या पपिंद्र की हत्या के पीछे छिपा है पंजाब का खूनी राज? जानिए इस खौफनाक वारदात का पूरा सच।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 6 September 2026, 12:23 PM IST
google-preferred

Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के अटेरना गांव में 40 वर्षीय पपिंद्र की हत्या के मामले में पुलिस को पुरानी रंजिश का एंगल मिला है। पुलिस के मुताबिक, करीब 10 साल पहले पंजाब में बलराम उर्फ बलिया की हत्या हुई थी। बलराम के भाई कल्लू को शक था कि इस हत्याकांड में पपिंद्र का भाई बिट्टू शामिल था और पुलिस से मिलीभगत के चलते उसे बचा लिया गया। इसी पुरानी रंजिश के चलते पपिंद्र को निशाना बनाए जाने की बात जांच में सामने आई है।

तीन साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कल्लू ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पपिंद्र की हत्या की। मृतक के भाई बिट्टू ने भी पुलिस को दी शिकायत में इसी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। फिलहाल पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

छह महीने पहले गांव लौटा था पपिंद्र

अटेरना निवासी पपिंद्र पंजाब के लुधियाना में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले वह गांव वापस आया था और यहां मजदूरी करके परिवार का खर्च चला रहा था। बुधवार रात वह किसी काम से घर से बाहर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद परिजन बृहस्पतिवार देर रात सरधना थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी।

Meerut Jail: सलाखों के पीछे बज रहे प्यार-जुदाई के तराने, ‘रेडियो परवाज’ पर इन गीतों की सबसे ज्यादा फरमाइश

घर से कुछ दूरी पर मिला शव

बृहस्पतिवार शाम पपिंद्र के घर से लगभग 50 मीटर दूर कूड़े के ढेर के पास कुछ कुत्ते जमीन खोद रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को वहां से दुर्गंध आने का एहसास हुआ। लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो जमीन के पास शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंचे और शव की पहचान पपिंद्र के रूप में की।

चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा

पपिंद्र के भाई बिट्टू की तहरीर पर पुलिस ने अटेरना गांव के रहने वाले कल्लू, आनिश, गोविंदा और मोनिज के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू करने के साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब में बलराम की हत्या से जुड़ी पुरानी कहानी

बिट्टू के मुताबिक, वह वर्ष 2016 में लुधियाना के खन्ना क्षेत्र के आसपास काम करता था। उसी दौरान कल्लू का भाई बलराम भी वहां काम करता था। जनवरी 2016 में बलराम की हत्या कर दी गई थी। परिजनों के अनुसार, उस समय किसी युवती से संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।

Meerut: किसान नेता की पिटाई पर बड़ा एक्शन, नए SSP ने इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर

बिट्टू पर शक करता था कल्लू

पुलिस के मुताबिक, बलराम की हत्या के बाद कल्लू को शक था कि उसके भाई की हत्या में बिट्टू की भूमिका थी। उसका आरोप था कि बिट्टू को पुलिस की मदद से बचा लिया गया। इसी वजह से कल्लू लंबे समय से उससे रंजिश रखता था। मृतक के भाई बिट्टू का आरोप है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते उसके भाई पपिंद्र को निशाना बनाया गया।

शव पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद करीब पौने चार बजे पपिंद्र का शव गांव पहुंचा। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तथा परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। स्थिति को देखते हुए जानी और रोहटा थाने से भी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद शाम करीब छह बजे पुलिस ने परिजनों की फोन पर एसडीएम उदित नारायण सेंगर से बातचीत कराई। एसडीएम की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए।

Meerut: UPPSC Notes देने के बहाने छात्रा को कमरे पर बुलाया, फिर शादी का वादा कर दरोगा ने किया गंदा काम

आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार

एसडीएम से बातचीत के बाद करीब साढ़े छह बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

एसपी ने पुरानी रंजिश को बताया जांच का अहम पहलू

एसपी के मुताबिक, अब तक की जांच और पूछताछ में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस को पता चला है कि पंजाब में बलराम की हत्या के मामले में पपिंद्र के भाई पर शक किया जा रहा था, हालांकि पंजाब पुलिस की ओर से उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई थी। एसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का जल्द खुलासा किया जाएगा।

Location :  Meerut

Published :  6 September 2026, 12:23 PM IST

Advertisement