Meerut News: चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़े शराब तस्कर, 62 पेटी शराब और फर्जी गोवा स्टीकर बरामद

पुलिस ने एक डाक पार्सल की गाड़ी भी जब्त की, जो शराब की तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रही थी। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की खास रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 June 2025, 4:12 PM IST
google-preferred

मेरठ: दौराला पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से हरियाणा ब्रांडेड 62 शराब की पेटी और भारी मात्रा में गोवा मार्कर के फर्जी स्टीकर बरामद किए। पुलिस ने एक डाक पार्सल की गाड़ी भी जब्त की, जो शराब की तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रही थी। यह गिरफ्तारी एक मुखबिर की सूचना पर की गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, मामला मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध वाहन चोरी-छिपे शराब की तस्करी कर रहे हैं। इसके बाद परतापुर थाना पुलिस ने भूडबराल मेट्रो स्टेशन के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान एक डाक पार्सल की बिलेरो पिकअप गाड़ी को देखकर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।

पुलिस से भाग रहे थे बदमाश

जब पुलिस ने गाड़ी रोकने की कोशिश की तो गाड़ी चालक ने दिल्ली एक्सप्रेसवे पर गाड़ी तेज़ी से भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया और ओवरटेक करके गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी में दो लोग सवार थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया।गाड़ी की जांच करने पर पुलिस को इसके केबिन से 62 पेटी शराब की बोतलें मिलीं। ये शराब की पेटियां हरियाणा ब्रांड की थीं और अलग-अलग ब्रांड्स में पैक की गई थीं। इसके अलावा पुलिस को गाड़ी में गोवा मार्कर के फर्जी स्टीकर भी भारी मात्रा में मिले।

पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने बताया कि गाड़ी का चालक परीक्षित वर्मा (सहारनपुर का निवासी) और उसके सहायक संदीप (परतापुर का निवासी) हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि यह गाड़ी मेरठ के गांव भूडबराल के रहने वाले सुभाष और गाजियाबाद के भोजपुर के रहने वाले मनोज की है। आरोपियों ने खुलासा किया कि सुभाष और मनोज ने इस गाड़ी को डाक पार्सल के रूप में बनवाया था। जिससे शराब की तस्करी को छिपाया जा सके। इसके बाद हरियाणा से शराब की पेटियों को इस गाड़ी में लाकर मेरठ पहुंचाया जाता था। फिर सुभाष और मनोज अपनी ब्रेजा गाड़ी से पीछा करते थे और मौके से भाग जाते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे हरियाणा से लाई गई शराब की पेटियों पर गोवा का फर्जी स्टीकर लगाकर उन्हें गोवा में मोटी रकम में बेचते थे।

मुख्य तस्करों की तलाश

पुलिस ने दोनों तस्करों सुभाष और मनोज के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब की तस्करी और फर्जी स्टीकरों के मामले में यह एक बड़ा नेटवर्क हो सकता है। वे जल्द ही मुख्य तस्करों को गिरफ्तार करने में सफल होंगे। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं, क्योंकि आरोपियों ने यह स्वीकार किया है कि वे काफी समय से यह तस्करी का कारोबार चला रहे थे। मुख्य तस्करों की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।

Location :  Meerut

Published :  8 June 2025, 4:04 PM IST

Related News

Advertisement