इस बार कांवड़ यात्रा होगी ज्यादा चुनौतीपूर्ण, मेरठ में हुई ब्रीफिंग, डाइनामाइट न्यूज़ की खास खबर में पढ़ें सभी नए नियम

मेरठ में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने कई बड़े फैसले लिए हैं। इस बार यात्रा के दौरान सुरक्षा और नियमों को लेकर पहले से ज्यादा सख्ती देखने को मिलेगी। होटल-ढाबों की जांच, डीजे कांवड़ के मानक और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर रहेगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 July 2026, 8:21 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के साथ-साथ कांवड़ मार्ग पर खाने-पीने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और यातायात पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

होटल-ढाबों की रसोई से लेकर गोदाम तक की जांच होगी, जबकि निर्धारित मानकों से बड़ी डीजे कांवड़ और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग में दिए गए अहम निर्देश

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित पुलिस-प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट का मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं के लिए तैयार होने वाले भोजन में लहसुन और प्याज का प्रयोग न हो। केवल रसोई ही नहीं, बल्कि खाद्य सामग्री के गोदामों की भी जांच की जाए ताकि नियमों का पूरी तरह पालन हो सके।

मांस और शराब की दुकानों पर भी सख्ती

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मांस और शराब की दुकानों को शासन के निर्देशों के अनुसार या तो बंद कराया जाए या पूरी तरह ढक दिया जाए। दुकानों के साइन बोर्ड भी दिखाई नहीं देने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए हर विभाग को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी।

ये भी पढ़ें- Kanwar Yatra 2026: 29 जुलाई से इस एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, बदलेगा पूरा ट्रैफिक सिस्टम

सांपों से बचाव के लिए भी तैयारी

बरसात के मौसम को देखते हुए वन विभाग को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग और शिविरों में सांप निकलने की आशंका को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। प्रत्येक शिविर में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं और शिविर संचालकों को सांपों से बचाव तथा उन्हें दूर रखने के उपायों की जानकारी भी दी जाए।

दुकानों के QR और बारकोड की होगी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्ग पर संचालित दुकानों की जांच कर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि दुकानों पर लगे QR कोड और बारकोड वास्तविक संचालक के नाम पर ही हों। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को भी उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

एसएसपी बोले- इस बार ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहेगी यात्रा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार की कांवड़ यात्रा पिछले वर्षों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और फीडबैक सेल को देने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें- महिलाओं की सुनवाई आखिर कब होगी? अमेठी पहुंचीं महिला आयोग सदस्य ने अधिकारियों की लापरवाही पर जताई सख्त नाराजगी

12 फीट से ऊंची डीजे कांवड़ नहीं होगी अनुमति

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कांवड़ यात्रा संपन्न कराई जाएगी। 12 फीट से अधिक ऊंची और 10 फीट से अधिक चौड़ी डीजे या कांवड़ को अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसी कांवड़ों को मोदीपुरम तिहारी पर रोककर निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर

पुलिस ने बताया कि यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने ड्यूटी क्षेत्र के मार्ग, शिविर, वैकल्पिक रास्तों और व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी पहले से रखें ताकि श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जा सके। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत सुरक्षा, खाद्य गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

Location :  Meerut

Published :  27 July 2026, 8:21 PM IST

Related News

Advertisement