हिंदी
स्कूल बस में लगी आग
Meerut: मेरठ के हस्तिनापुर कस्बे में बुधवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बच्चों को लेकर स्कूल जा रही एक बस अचानक आग की चपेट में आ गई। हस्तिनापुर पब्लिक स्कूल की यह बस जैसे ही गणेशपुर मार्ग पर थाने के पास अनाज मंडी के करीब पहुंची, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में हालात ऐसे बन गए कि बस में सवार छोटे-छोटे बच्चों में डर और चीख-पुकार शुरू हो गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और तुरंत बस रोक दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धुआं निकलते ही चालक ने बिना देरी किए बस को साइड में रोक दिया और बच्चों को तेजी से नीचे उतारना शुरू कर दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि बस में एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। जैसे ही बच्चे नीचे उतरे, कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। अगर थोड़ी भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था। घटना के दौरान आसपास के इलाके में धुआं फैल गया, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस CNG से चलती थी, जिससे आग लगने की घटना और गंभीर हो सकती थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। जिस बस में आग लगी उसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP19T 2040 बताया गया है, जो शामली जिले में पंजीकृत है।
VRS के बाद नई शुरुआत, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजनीतिक जागरूकता को लेकर मैदान में उतरे ताराचंद
घटना के बाद बच्चों में डर का माहौल है और कई बच्चे सहमे हुए नजर आए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और बच्चों को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली। कई अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से सवाल किए और कहा कि थोड़ी सी भी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Location : Meerut
Published : 6 May 2026, 4:34 PM IST
Topics : fire Meerut rescue school bus students