हिंदी
दुकान में भीषण आग फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
प्रतापगढ़: महेशगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त हीरागंज बाजार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक प्रसिद्ध कपड़े की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई और बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हीरागंज निवासी फूलचंद केसरवानी की बाजार स्थित उत्सव क्वाथ स्टोर एवं रेडीमेड सेंटर के ऊपरी मंजिल के कपड़े के शोरूम में मंगलवार शाम अचानक आग भड़क उठी। सूती और रेशमी कपड़ों की मौजूदगी के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान के भीतर से काले धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस
फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचना देने के साथ ही बाजार के व्यापारियों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने आस-पास से पानी और बालू का इंतजाम कर लपटों पर काबू पाने की कोशिश की, ताकि आग को पूरी मार्केट की अन्य दुकानों में फैलने से रोका जा सके। इस दौरान बाजार में काफी देर तक जाम और दहशत की स्थिति बनी रही। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं किया जा सकता था।
लाखों के नुकसान की आशंका..
पीड़ित व्यवसाई के मुताबिक, दुकान में रखा भारी मात्रा में रेडीमेड और थान का कपड़ा जलकर पूरी तरह राख हो गया है। प्राथमिक अनुमान के तौर पर इस अग्निकांड में लाखों रुपये के माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
शॉर्ट सर्किट बना संभावित कारण...
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि दुकान के बिजली बोर्ड में हुए शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पाने और हुए वास्तविक नुकसान के सटीक आकलन में जुट गई है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।
Location : प्रतापगढ़
Published : 21 October 2026, 6:28 PM IST
Topics : fire Hiraganj market Latest News UP News