हिंदी
2027 की तैयारी में जुटीं मायावती फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Lucknow: बहुजन समाज पार्टी BSP सुप्रीमो मायावती ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए ओबीसी समाज के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। राजधानी लखनऊ में पिछले कई दिनों से चल रही बैठकों में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
ओबीसी समाज की अहम भूमिका
जानकारी के अनुसार, मायावती ने बैठकों में स्पष्ट किया कि वर्ष 2007 में बसपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनाने में ओबीसी समाज की अहम भूमिका रही थी। पार्टी अब उसी सामाजिक समीकरण को फिर से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और मोहल्लों तक पहुंचकर यह संदेश दें कि ओबीसी समाज के हितों की सबसे अधिक रक्षा बसपा सरकारों के दौरान हुई है।
राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए गंभीर प्रयास
बैठक में मायावती ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अधिकांश राजनीतिक दलों ने ओबीसी समाज का इस्तेमाल केवल चुनावी लाभ के लिए किया, जबकि उनके सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि बसपा ने अपनी स्थापना से लेकर सत्ता में रहते हुए पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए लगातार काम किया है।
बसपा प्रमुख ने मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने में पार्टी की भूमिका का भी उल्लेख किया। साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज और नारायण गुरु जैसे समाज सुधारकों को सम्मान देने की पार्टी की नीति को सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला बताया।
UP Crime: गोरखपुर में चोरों का आतंक: एक ही रात दो घरों पर धावा, लाखों के जेवरात साफ
मायावती ने दावा किया कि उनकी सरकार ने दलितों और पिछड़े वर्गों के विकास के लिए अलग मंत्रालय, आयोग और विशेष योजनाओं की शुरुआत की थी। उन्होंने वर्तमान सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनकल्याण की कई योजनाएं अब केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं। बैठक के अंत में मायावती ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और 2027 में सत्ता की "मास्टर चाबी" हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
Location : Lucknow
Published : 16 June 2026, 2:04 PM IST
Topics : Bahujan Samaj Party BSP Mayawati UP 2027 Election