हिंदी
मथुरा में झमाझम बारिश (Img: Pinterest)
Mathura: शुक्रवार दोपहर हुई महज आधे घंटे की तेज बारिश ने धार्मिक नगरी मथुरा की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। भूतेश्वर और नए बस स्टैंड के अंडरपास में कई फीट पानी भर गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कई कारें और बाइक पानी में फंस गईं, जबकि लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक के रास्ते आना-जाना पड़ा।
बारिश शुरू होते ही शहर के नाले और नालियां उफान मारने लगीं। सबसे ज्यादा प्रभावित भूतेश्वर चौराहा और नया बस स्टैंड रेलवे अंडरपास रहे, जहां चार से पांच फीट तक पानी भर गया। कई वाहन बीच पानी में बंद हो गए। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और क्रेन की मदद से फंसी कारों को हटाया। इसके बाद दोनों अंडरपासों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया।
भूतेश्वर चौराहे पर पाइपलाइन और नए बस स्टैंड पर रेलवे की तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के कारण जल निकासी प्रभावित हुई। अंडरपास बंद होने से लोगों को रेलवे ट्रैक पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया।
बारिश के कारण श्रीजी बाबा आश्रम, कृष्णा नगर, राधिका विहार, शंकर विहार, महोली रोड और चंदनवन समेत कई निचले इलाकों में पानी भर गया। महिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर भी जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को गंदे पानी से होकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
बारिश थमने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पंपसेट लगाकर पानी निकालने का काम शुरू किया। नए बस स्टैंड अंडरपास पर चार और भूतेश्वर अंडरपास पर तीन पंपसेट लगाए गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद भूतेश्वर मार्ग पर यातायात बहाल किया गया। अधिकारियों ने जल निकासी और ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली में आज रात होगी झमाझम बारिश, IMD के ताजा अपडेट ने किया बड़ा खुलासा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। वहीं 8 जुलाई को 15 से 16 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में यदि लगातार तेज बारिश हुई तो शहर में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Location : Mathura
Published : 4 July 2026, 3:34 PM IST
Topics : Mathura News Uttar Pradesh News Weather Update