हिंदी
18 राज्यों में भारी बारिश का महा-अलर्ट (Img- Pinterest)
New Delhi: देशभर में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ते हुए गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान-हरियाणा के कुछ और हिस्सों को अपने दायरे में ले चुका है। उ
त्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य और पश्चिम भारत में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। IMD ने देश के 18 राज्यों में हल्की से भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
राजधानी दिल्ली में आज शनिवार को आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है। दिल्ली में आंधी और बारिश का यह दौर 6 जुलाई तक जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह मेहरबान है। मौसम विभाग ने 4 से 9 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, और गोरखपुर सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। आईएमडी के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
बिहार में मानसून सक्रिय है, जिसके चलते आज पश्चिम चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और सारण समेत कई जिलों में वज्रपात (बिजली गिरने) और मेघगर्जन का अलर्ट है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, राजस्थान में भी 4 से 9 जुलाई के दौरान पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है, जहां हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज काफी संवेदनशील बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को बिना मौसम अपडेट देखे यात्रा न करने की सलाह दी है। उधर, उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और चमोली जैसे जिलों में भी व्यापक बारिश और आंधी-तूफान का दौर 9 जुलाई तक जारी रहने का अनुमान है।
Location : New Delhi
Published : 4 July 2026, 8:04 AM IST