UP BJP नेता से विवाद में हटाये गये IAS रिंकू सिंह केस में नया मोड़, युवाओं ने समर्थन में निकाला जूलूस

जालौन में IAS रिंकू सिंह राही के तबादले के खिलाफ बड़ा विरोध देखने को मिला। उरई ट्रांसफर के बाद उनके समर्थन में सैकड़ों युवा और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें ईमानदार अधिकारी बताते हुए दोबारा जालौन में तैनाती की मांग की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 July 2026, 3:13 PM IST
google-preferred

Jalaun : जॉइंट मजिस्ट्रेट रहे आईएएस रिंकू सिंह राही के तबादले के बाद मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। उरई ट्रांसफर के बाद गुरुवार को उनके समर्थन में सैकड़ों की संख्या में युवा और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और जोरदार जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों ने जालौन तहसील परिसर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और मांग की कि रिंकू सिंह राही को दोबारा जालौन में जॉइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया जाए।

तहसील परिसर में गूंजे समर्थन में नारे

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने उन्हें ईमानदार, निष्पक्ष और जनहित में कार्य करने वाला अधिकारी बताते हुए उनके तबादले पर नाराजगी जताई। तहसील परिसर में बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की और फैसले को जनता की भावनाओं के खिलाफ बताया। माहौल कुछ देर के लिए पूरी तरह तनावपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण बना रहा।

राजनीतिक साजिश के आरोप

प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने इस पूरे मामले के पीछे कुछ भाजपा नेताओं की साजिश होने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस आरोप की किसी भी स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों में इसे लेकर आक्रोश साफ देखने को मिला।

23 जून की घटना से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला 23 जून का बताया जा रहा है। जब जालौन में भाजपा के ब्लॉक प्रमुख रामराज निरंजन के कोल्ड स्टोर पर जांच के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही और ब्लॉक प्रमुख के बीच विवाद हो गया था। ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया था कि उनके साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की गई। बाद में उन्होंने इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई थी।

ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर केस: पांच भाइयों समेत 9 दोषियों को उम्रकैद, पंचायत में दो लोगों की गोली मारकर की थी हत्या

तबादले के बाद भड़का विरोध

इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले का संज्ञान लिया गया और रिंकू सिंह राही का स्थानांतरण जालौन से उरई कर दिया गया। इसी फैसले के विरोध में अब बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए हैं और निर्णय वापस लेने की मांग की।

Location :  Jalaun

Published :  4 July 2026, 2:57 PM IST

Advertisement