हमीरपुर में बड़ा हादसा टला, खुले नाले में गिरे पिता-पुत्री, CCTV में कैद हुई घटना

हमीरपुर के आदर्श नगर में पांच वर्षीय बेटी को मामा के घर छोड़ने जा रहा एक पिता बाइक समेत खुले नाले में गिर गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि हादसे के बाद नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 August 2026, 4:23 PM IST
google-preferred

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब अपनी पांच वर्षीय बेटी को मामा के घर छोड़ने जा रहा एक पिता बाइक समेत खुले नाले में जा गिरा। हादसे के बाद पिता और बेटी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद खुले नाले को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

बेटी को छोड़ने जा रहे थे, तभी बिगड़ा संतुलन

यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, एक निजी एजेंसी में कार्यरत 35 वर्षीय नितिन सविता गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपनी पांच वर्षीय बेटी निति को उसके मामा के घर छोड़ने के लिए निकले थे। इसके बाद उन्हें अपनी ड्यूटी पर जाना था। रास्ते में खुले नाले के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते बाइक सीधे नाले में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि पिता और बेटी संभलने का मौका भी नहीं पा सके।

लोगों ने बचाई दोनों की जान

नाले में गिरते ही पिता और बेटी ने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में पिता और बेटी को मामूली चोटें आईं, लेकिन समय रहते मिली मदद से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों की तत्परता की इलाके में सराहना की जा रही है।

नगर पालिका ने निकलवाई बाइक, सुरक्षा इंतजाम का भरोसा

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और बुल्डोजर तथा छोटी क्रेन की मदद से नाले में गिरी बाइक को बाहर निकाला। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमराज ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने और जलभराव रोकने के उद्देश्य से नाले खोले गए थे। उन्होंने कहा कि घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और ऐसे स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। वहीं, घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में नगर पालिका की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि खुले नालों के आसपास पहले से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।

Location :  Hamirpur

Published :  6 August 2026, 4:23 PM IST

Advertisement