
गोरखपुर में चोरी का बड़ा खुलासा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: जनपद के गुलरिहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कीमती आभूषणों और 1,10,000 नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना गुलरिहा पुलिस सक्रिय थी। इसी क्रम में उ0नि0 विवेक अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आदित्य यादव उर्फ दतहवा, प्रवेश साहनी, सरिता पासवान उर्फ कोमल और पुष्पा निषाद को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि पहली घटना 11 अप्रैल 2026 को सामने आई थी, जब अज्ञात चोरों ने एक विद्यालय का जंगला तोड़कर वहां रखी कैमरे की टीवी और 12 हजार रुपये चोरी कर लिए थे। दूसरी घटना 19 अप्रैल 2026 की है, जब एक परिवार शादी में शामिल होने गया था। इसी दौरान चोरों ने घर की छत के रास्ते घुसकर आभूषण और नकदी पार कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों को दबोचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामद सामान में 2 जोड़ी पायल, 1 जोड़ी बिछिया, सोने का हार, चेन, मांगटीका और नकद 1.10 लाख रुपये शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह काफी समय से इलाके में सक्रिय था और सुनसान घरों को निशाना बनाता था।
गिरफ्तार हुए मुख्य आरोपी आदित्य यादव और प्रवेश साहनी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि होती है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक कनेक्शनों की भी जांच कर रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना गुलरिहा की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें कई उपनिरीक्षक और महिला उपनिरीक्षक अर्चना भारती सहित पुलिसकर्मियों ने मिलकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Location : Gorakhpur
Published : 26 April 2026, 6:21 PM IST