एक नाम, कई केस और अचानक हुई 75 लाख की संपत्ति कुर्क… गोरखपुर में क्या चल रहा था अंदरखाने?

गोरखपुर में संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोपों में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज अभियोग वाले आरोपी रविदत्त मिश्रा की करीब 75 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 June 2026, 12:03 AM IST

Gorakhpur : अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गैंगस्टर एक्ट के आरोपी रविदत्त मिश्रा की लगभग 75 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति को जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में संगठित अपराधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

गैंगस्टर एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक अभियुक्त रविदत्त मिश्रा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह का गठन किया था और धोखाधड़ी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित की थी। उसके खिलाफ थाना कैण्ट में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। जिलाधिकारी के आदेश पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई।

75 लाख रुपये मूल्य का मकान जब्त

प्रशासनिक और पुलिस टीम ने मोहल्ला जगन्नाथपुर स्थित अभियुक्त के मकान को विधिवत जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान संपत्ति पर जब्ती का नोटिस भी चस्पा किया गया। अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

जिसे बच्चों की हिफाजत करनी थी, उसी पर लगे सनसनीखेज आरोप; गोरखपुर में हर कोई हैरान

कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रविदत्त मिश्रा के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के अलावा धोखाधड़ी, कूटरचना, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोपों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में दर्ज एक मुकदमे में उस पर फर्जीवाड़े के जरिए लोगों को ठगने और अवैध लाभ कमाने का आरोप लगाया गया था। इसके अलावा वर्ष 2016 में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े मामले दर्ज किए गए थे।

अपराधियों को सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराध, धोखाधड़ी और अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी कैण्ट अरुण कुमार एस., प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह समेत कैण्ट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही। जिले में हुई इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  6 June 2026, 12:03 AM IST