हिंदी
पति ने की पत्नी की हत्या (Img: Dynamite News)
Mainpuri: मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छुट्टी पर घर आए बीएसएफ जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह बच्चों ने अपनी मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठीं। इसके बाद परिवार और पड़ोसियों को सूचना दी गई। घर के अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव चारपाई पर पड़ा पाया। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास ही खून से सना फावड़ा पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल से ही आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय नीतू के रूप में हुई है। वह करहल थाना क्षेत्र के नगला देवजीत गांव में अपने पति संजय कुमार के साथ रहती थीं। संजय बीएसएफ में तैनात है और छुट्टी पर घर आया हुआ था। महिला के पिता बलराम यादव का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि संजय के किसी दूसरी महिला से संबंध थे, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
परिजनों के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच गया था। हालांकि, करीब एक साल पहले पंचायत के बाद दोनों फिर साथ रहने लगे थे।
घटना की सबसे मार्मिक तस्वीर उस समय सामने आई, जब नीतू का नौ वर्षीय बेटा सुबह अपनी मां को उठाने पहुंचा। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर वह घबराकर घर से बाहर निकला और पड़ोसियों को बुलाया। जब लोग कमरे में पहुंचे तो नीतू चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास में खून लगा फावड़ा पड़ा हुआ था। इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपी पति के किसी दूसरी महिला से संबंध थे और इसी बात को लेकर आए दिन घर में विवाद होता था। उन्होंने पति और उसकी बहन पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पति ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करने की बात कही है। उसका दावा है कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद हुआ और घटना हो गई।
पुलिस इन दावों की स्वतंत्र जांच कर रही है। अभी तक किसी भी पक्ष के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने से पहले नहीं की गई है।
रात में घर से निकला था बेटा… कुछ ही मिनट बाद गूंजी चीखें, खंभे के पास पहुंचते ही मच गया कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही करहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के चलते महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सबसे ज्यादा चिंता उस मासूम बेटे को लेकर जताई जा रही है, जिसने सुबह अपनी मां को जगाने की कोशिश की और अनजाने में एक ऐसी सच्चाई के सामने आ गया, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
Location : Mainpuri
Published : 26 July 2026, 7:20 PM IST
Topics : BSF Jawan mainpuri news Wife Murder