मैनपुरी पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 39 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। एसपी गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में चले अभियान में 28 वारंटी और 11 वांछित अभियुक्त पकड़े गए, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।

मैनपुरी में रातभर चला बड़ा ऑपरेशन
Mainpuri: जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मैनपुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 39 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में 7 फरवरी की रात्रि को चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। इस कार्रवाई में 28 वारंटी और 11 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
पुलिस विभाग द्वारा न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ पुलिस टीमों ने दबिश दी। अचानक की गई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया और कई वर्षों से फरार चल रहे अभियुक्त भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
अभियान के तहत नगर क्षेत्र के कोतवाली, एलाऊ और दन्नाहार थाना क्षेत्रों में पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की। वहीं ग्रामीण अंचलों में भोगांव, बेवर, किशनी, कुरावली, घिरोर, औंछा, करहल, कुर्रा और बरसहल थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई इस समन्वित कार्रवाई को पुलिस की बड़ी रणनीतिक सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कई अभियुक्त ऐसे थे जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध वारंट जारी किए जा चुके थे। पुलिस की लगातार निगरानी और गोपनीय सूचना तंत्र के माध्यम से इन अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल लंबित मामलों का निस्तारण तेज होगा, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का भय भी बनेगा।
Mainpuri Land Fraud: नकली कागजों से कब्जा, अदालत के आदेश पर असली बेटी को मिली जमीन
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।