Mainpuri: रोटावेटर की चपेट में आने से बालक की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम; जानें कैसे हुआ हादसा

मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के बखतपुर गांव में खेत में जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 1 July 2026, 2:03 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद के थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव बखतपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 साल के बालक की मौत हो गई। खेत में ट्रैक्टर से जुताई के दौरान बालक रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव बखतपुर निवासी सूरज कश्यप अपने खेत में ट्रैक्टर पर रोटावेटर लगाकर मक्का की जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान उनका 13 वर्षीय पुत्र अजीत खेत पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि अजीत ने चलते हुए ट्रैक्टर पर पीछे की ओर से चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे रोटावेटर की चपेट में आ गया।

मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत

हादसा इतना भयावह था कि अजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मशीन को रोककर बालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

Mainpuri: भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने कलेक्ट्रेट में जानें क्यों बुलंद की आवाज, यहां पढ़े पूरी खबर

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग खेत पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की मां बदहवास हो गईं और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया, लेकिन पूरे गांव में मातम का माहौल बना रहा।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं, उपजिलाधिकारी भोगांव नीरज द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

Mainpuri News: कुरावली के सराय लतीफ से संदिग्ध हालात में लापता हुई 18 वर्षीय युवती, तलाश में जुटी पुलिस

परिजनों की इच्छा पर नहीं हुआ पोस्टमार्टम

पुलिस ने बताया कि परिजनों की इच्छा के अनुसार शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। आवश्यक पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में बालक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव में शोक 

मृतक की बुआ मालती और पिता सूरज कश्यप ने बताया कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई मासूम की असमय मौत पर दुख व्यक्त कर रहा है।

Location :  Mainpuri

Published :  1 July 2026, 12:35 PM IST