महराजगंज में ट्रेन हादसे ने उजाड़ा परिवार, मां के साथ चार साल की मासूम बेटी की दर्दनाक मौत

महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। आनन्दनगर-लक्ष्मीपुर रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय सुंदरी और उसकी चार साल की बेटी दिव्यांशी की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच रही है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 9 November 2026, 3:01 PM IST

Maharajganj: महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। आनन्दनगर-लक्ष्मीपुर रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला और उसकी महज चार साल की मासूम बेटी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है। फिलहाल मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

रेलवे ट्रैक पर मिला मां-बेटी का शव

जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की जान चली गई। ग्राम उदितपुर के टोला शिवनारायणपुर के पास आनन्दनगर-लक्ष्मीपुर रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला और उसकी चार वर्षीय मासूम पुत्री की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा, आग का गोला बनी कार, 6 लोगों की जलकर मौत

मृतकों की पहचान सुंदरी (25) पुत्री लालचंद और उसकी बेटी दिव्यांशी (4) निवासी ग्राम उदितपुर टोला केसौली, थाना फरेंदा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सुंदरी मानसिक रूप से अस्वस्थ रहती थी। परिजनों ने उसकी पूर्व में चार शादियां होने और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते वैवाहिक संबंध नहीं टिक पाने की बात बताई है।

अयोध्या में दीपोत्सव की जगमगाहट, 30 लाख दीयों से रोशन हुई राम नगरी; ड्रोन शो ने मोहा मन

पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।

Location :  Maharajganj

Published :  9 November 2026, 2:56 PM IST