
सोनौली में एसडीएम का छापा
Maharajganj: जनपद में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में नौतनवा के एसडीएम नवीन कुमार ने शनिवार को पुलिस बल के साथ सोनौली स्थित आदित्य शंकर इंडियन गैस सर्विस के गोदाम पर अचानक छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र की अन्य गैस एजेंसियों में भी खलबली मच गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ रहा था। कई लोगों ने आरोप लगाया था कि गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडर की जमाखोरी कर कालाबाजारी की जा रही है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच का निर्णय लिया।
छापेमारी के दौरान एसडीएम नवीन कुमार ने गैस एजेंसी के गोदाम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने एजेंसी के कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ करते हुए गैस वितरण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान वितरण रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और उपभोक्ताओं को दिए गए सिलेंडरों का विस्तृत रिकॉर्ड खंगाला गया।
श्मशान घाट के पास घेराबंदी… अचानक चली गोली! 25 हजार का इनामी चोर ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
एसडीएम ने मौके पर मौजूद गैस सिलेंडरों की संख्या का भी मिलान कराया और देखा कि एजेंसी के रिकॉर्ड और गोदाम में मौजूद सिलेंडरों की संख्या में कोई अंतर तो नहीं है। अधिकारियों ने पूरे गोदाम का निरीक्षण कर हर पहलू की जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या अवैध बिक्री तो नहीं हो रही।
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि प्रशासन को क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी को लेकर कई शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी गैस की किल्लत को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की, ताकि सच्चाई सामने आ सके और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने एजेंसी के संचालकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और नियमित तरीके से संचालित की जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि किसी भी स्तर पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी, कालाबाजारी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
HPCL डबल मर्डर केस में नया मोड़, आदित्य यादव ने पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल; जानें क्या है पूरा मामला
एसडीएम ने यह भी कहा कि प्रशासन की टीम समय-समय पर गैस एजेंसियों की जांच करती रहेगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि गैस की कमी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
एसडीएम के अनुसार सोनौली स्थित गैस एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं और वितरण प्रक्रिया भी सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित करेगा कि गैस की आपूर्ति सुचारु बनी रहे और किसी भी तरह की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 15 March 2026, 12:14 PM IST
Topics : Gas Crises LPG Crisis Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) SDM Inspection Sonouli Gas Agency Raid