
व्यापारियों और पुलिस के बीच संवाद को मिला नया आयाम
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में पुलिस प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, शहर कोतवाल निर्भय सिंह सहित कुल आठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करना रहा। व्यापारियों ने बैठक को सकारात्मक पहल बताते हुए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और रात में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और संवाद बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
महराजगंज में बदमाशों का तांडव: बाईपास रोड पर चली गोली, देखिए वीडियो
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारी वर्ग के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
एसपी ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सक्रिय रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय रहते पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस अकेले अपराध पर नियंत्रण नहीं कर सकती, इसके लिए समाज और व्यापारिक समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक के उपरांत व्यापार मंडल के सदस्यों द्वारा पुलिस विभाग के सराहनीय कार्यों, बेहतर कानून-व्यवस्था एवं व्यापारियों की सुरक्षा में दिए जा रहे सहयोग के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, शहर कोतवाल निर्भय सिंह, उप निरीक्षक यदुवीर यादव, हेड कांस्टेबल चंद्रप्रकाश, मुन्ना चौरसिया, करुणेश सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार यादव एवं कांस्टेबल अमित वर्मा को सम्मानित किया गया।
डीआईजी एस. चेनप्पा का महराजगंज दौरा, कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस को दिए सख्त निर्देश
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस टीम पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा एवं सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिससे पुलिस और व्यापारियों के बीच विश्वास और सहयोग और मजबूत हुआ।
Location : Maharajganj
Published : 23 January 2026, 6:46 PM IST