
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से दर्दनाक खबर सामने आई है। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कानापार धानी के एक युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। युवक मुंबई से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, धानी निवासी वीरभद्र साहनी (उम्र करीब 24 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय राकेश निषाद, करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गया था, जहां वह पेंटिंग का काम करता था। बीते 13 मार्च को वह ट्रेन से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान मध्य प्रदेश के सतना के पास चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बताया जा रहा है कि युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। वहीं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की नजर शव पर तब पड़ी जब वह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। जांच के दौरान कुछ दूरी पर युवक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। मोबाइल के जरिए ही मृतक की पहचान हुई और परिजनों को इस घटना की सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक के बड़े भाई श्याम निषाद ने बताया कि 13 मार्च की देर शाम तक वीरभद्र से उनकी बात हुई थी, लेकिन 14 मार्च की सुबह से उसका मोबाइल बंद आने लगा। परिवार वाले लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। आखिरकार 18 मार्च की सुबह फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सतना में रेलवे लाइन पर वीरभद्र का शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि युवक की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि युवक घर का सहारा था, जो कमाने के लिए मुंबई गया था।
Location : Maharajganj
Published : 19 March 2026, 1:28 PM IST
Topics : Latest News Madhya Pradesh Maharajganj Mumbai