महराजगंज के भूमि विवाद ने पकड़ा तूल, पुलिस पर उठे सवाल और एसपी तक पहुंचा मामला; जानिये क्या हुआ चौक बाजार में

महराजगंज जनपद के चौक बाजार क्षेत्र में खेत की मेड़ पर लगे पिलर उखाड़ने और महिलाओं से अभद्रता के आरोप को लेकर एसपी को शिकायती पत्र दिया गया है। मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।

Updated : 12 June 2026, 6:42 PM IST

Maharajganj: जनपद के नगर पंचायत चौक बाजार क्षेत्र में भूमि विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चौक थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 निवासी जोखू पुत्र मोसरली ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को शिकायती पत्र देकर स्थानीय पुलिसकर्मियों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

पंचायत की मौजूदगी मेंं हुआ बंटवारा

शिकायतकर्ता के अनुसार, 4 जून 2026 को गांव के संभ्रांत लोगों एवं पंचायत की मौजूदगी में खेत का आपसी बंटवारा किया गया था। बंटवारे के दौरान सीमांकन कर खेत की मेड़ पर पिलर भी लगाए गए थे ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो।

Maharajganj: बरसात से पहले चर्चित महाव नाले का DM-SP ने किया निरीक्षण, जानिए कैसे रोकेंगे कटान?

कानून व्यवस्था और निष्पक्षता पर उठे सवाल 

आरोप है कि 9 जून की दोपहर कुछ लोगों ने खेत की मेड़ पर लगाए गए पिलरों को जबरन हटवा दिया। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान स्थानीय थाने से जुड़े पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे और उनकी मौजूदगी में ही पिलरों को उखाड़कर फेंका गया। शिकायतकर्ता ने इसे कानून व्यवस्था और निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया है।

बना भय और असुरक्षा का माहौल

जोखू ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि जब उनके परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा गाली-गलौज की गई। इससे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी आवश्यक विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए।

सूत्रों के अनुसार, शिकायत पत्र पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त हो चुका है, जिसकी पावती भी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

Location :  Maharajganj

Published :  12 June 2026, 6:35 PM IST