
महाराजगंज में बाढ़ का खतरा (Img: Dynamite News)
Maharajganj: नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में अचानक भारी जलप्रवाह से भोटेकोशी नदी में आई आकस्मिक बाढ़ की सूचना ने सीमावर्ती इलाकों में हलचल बढ़ा दी है। नेपाल में नदी का जलस्तर बढ़ने और टिमुरे बाजार समेत आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में नुकसान की प्रारंभिक सूचना के बाद महाराजगंज जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संभावित स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक अत्यधिक मात्रा में जलप्रवाह आने से भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की सूचना सामने आई। इस घटनाक्रम को देखते हुए निचले क्षेत्रों पर संभावित प्रभाव की आशंका के मद्देनजर महाराजगंज में गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित तहसीलों के अधिकारियों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय और निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने संभावित आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के लिए तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
ये भी पढ़ें - Maharajganj News: नई टीम ने संभाली कमान, डीएम ने दिलाई शपथ; कलेक्ट्रेट कर्मचारियों को दी बड़ी जिम्मेदारी की याद
प्रशासन की ओर से स्थानीय स्तर पर नदी के जलस्तर और परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह के बदलाव अथवा खतरे के संकेत मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि यदि जलस्तर बढ़ता है अथवा किसी क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की जाती है तो लोग बिना देरी किए सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी तथा जलभराव वाले इलाकों के आसपास न जाने दें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों को अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास करने के बजाय प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानने की अपील की गई है। प्रशासन के मुताबिक स्थिति पर लगातार 24×7 निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है।
जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), महाराजगंज से संपर्क के लिए 05523-222162 पर फोन किया जा सकता है। इसके अलावा 1077 (आपदा हेल्पलाइन), 9628819145 और 9621333537 पर भी आवश्यक सूचना अथवा सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।
Location : Maharajganj
Published : 26 August 2026, 4:06 PM IST