हिंदी
कनकारी गांव में दर्दनाक हादसा
Sitapur : तंबौर थाना क्षेत्र के छोटी कनकारी गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। समर्सिबल पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ते समय अचानक सप्लाई शुरू होने से एक युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, छोटी कनकारी निवासी नन्हू राम बुधवार को अपने घर में टुल्लू पंप का बिजली कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और अचेत होकर मौके पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल बिजली की सप्लाई बंद कर नन्हू राम को तार से अलग किया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे सीएचसी रेउसा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।
नन्हू राम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर तंबौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Location : Sitapur
Published : 26 August 2026, 5:02 PM IST
Topics : Sitapur Latest News Sitapur News UP News