
UPTET परीक्षा को लेकर दो दिन बंद रहेंगे स्कूल (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की भारी आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से महराजगंज और फरेंदा कस्बे के सभी विद्यालयों में 3 एवं 4 जुलाई 2026 को शिक्षण कार्य पूरी तरह स्थगित रहेगा।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के 20 परीक्षा केंद्रों पर UPTET-2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को किया जा रहा है। 2 और 3 जुलाई को परीक्षा दो पालियों में होगी, जबकि 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि परीक्षा के दौरान महराजगंज एवं फरेंदा कस्बे में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आने-जाने के कारण यातायात का दबाव बढ़ेगा, जिससे विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों कस्बों के सभी विद्यालयों में 3 और 4 जुलाई को कक्षाओं का संचालन नहीं होगा।
टीन शेड बना काल, फतेहपुर में अचानक उतरे करंट ने रोकी महिला की सांसें, परिवार में कोहराम
जिला प्रशासन ने सभी प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि वे आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, साथ ही छात्रों और आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा से बचाना भी है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, यातायात और केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि UPTET-2026 का आयोजन बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
Location : Maharajganj
Published : 2 July 2026, 8:45 PM IST