
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Lucknow: राजधानी के मोहनलालगंज क्षेत्र में एक खौफनाक और दिल दहला देने वाला वाकया सामने आया है। एक निजी स्कूल का वैन चालक शराब के अत्यधिक नशे में धुत होकर मासूम बच्चों से भरी गाड़ी को सड़क पर काल बनाकर दौड़ाता रहा। इस दौरान बेकाबू वैन ने सड़क किनारे खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक वैन में फंसकर करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है।
कस्बा चौकी इंचार्ज अतुल सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक, निगोहां के दयालपुर का रहने वाला अर्जुन एक निजी स्कूल की वैन चलाता है। सुबह वह पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। इसी हालत में वह चार वर्षीय दिव्यांशु, पांच वर्षीय विराज और मानसी को वैन में बैठाकर स्कूल के लिए निकला था।
सुबह करीब 11 बजे, अत्यधिक नशा होने के कारण अर्जुन का वैन से नियंत्रण पूरी तरह खो गया। रफ्तार पकड़ चुकी बेकाबू वैन ने सड़क किनारे खड़े होकर आम खरीद रहे कूड़ा निवासी राम मिलन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही राम मिलन वैन के निचले हिस्से में फंस गए और रफ्तार के साथ करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।
गाड़ी के भीतर बैठे छोटे-छोटे बच्चे इस खौफनाक मंजर को देखकर बुरी तरह डर गए और चीखने-चिल्लाने लगे। सड़क पर मौजूद राहगीरों ने जब यह तमाशा देखा, तो उन्होंने शोर मचाते हुए चालक को रोकने का प्रयास किया। मगर, नशे में अंधा हो चुका चालक गाड़ी दौड़ाता रहा। आखिरकार कुछ दूरी पर जाकर वैन सड़क किनारे लगे एक शिलापट से टकराकर रुक गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने तुरंत वैन को घेरा और आरोपी चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से ड्राइवर को छुड़ाकर हिरासत में लिया और घायल राम मिलन व तीनों सहमे हुए बच्चों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। राम मिलन की हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि वैन में सवार बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वे इस हादसे से बेहद डरे हुए हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Lucknow News: शाहजहांपुर में डकैती का खुलासा, एसटीएफ ने गिरोह के दो सदस्यों को किया गिरफ्तार
जांच में पुलिस को पता चला है कि यह स्कूल वैन सुरक्षा मानकों के पूरी तरह विपरीत चलाई जा रही थी। नियमों के मुताबिक स्कूल वैन का रंग पीला होना अनिवार्य है, लेकिन यह वैन सफेद रंग की थी। इतना ही नहीं, इस वैन का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसके पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन में इस वैन के दो चालान काटे जा चुके हैं। पहला चालान 16 जनवरी 2022 को सीट बेल्ट न लगाने पर हुआ था, और उसके कुछ ही दिनों बाद ट्रैफिक नियमों को तोड़ने पर दूसरा चालान किया गया था। इस लापरवाही ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Lucknow
Published : 9 July 2026, 11:31 AM IST