
दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
Sonbhadra: जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती को नरक जैसी जिंदगी में धकेल दिया गया। इस सनसनीखेज केस में पुलिस ने मानव तस्करी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह मासूम लड़कियों को बहला-फुसलाकर बेचने का गंदा खेल चला रही थीं।
मामला सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बिन्दु और सोनी नाम की दो महिलाओं ने एक युवती को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उसे अपने साथ ले गईं। भरोसा जीतने के बाद उसे अलग-अलग शहरों के रास्ते आगरा और अलीगढ़ ले जाया गया। जहां करीब 1.20 लाख रुपये में बेच दिया गया।
पीड़िता के साथ वहां जो हुआ। वो और भी डराने वाला है। उसे अलग-अलग लोगों के पास रखा गया और जबरन शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई। यह खुलासा खुद आरोपियों ने पूछताछ के दौरान किया, जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
यह कार्रवाई अभिषेक वर्मा के निर्देशन में की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 12 अप्रैल को दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि यह कोई अकेला मामला नहीं, बल्कि एक संगठित मानव तस्करी गिरोह का हिस्सा है, जिसमें कई और लोग शामिल हैं। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने साफ किया है कि मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Location : Sonbhadra
Published : 14 April 2026, 8:08 AM IST