हिंदी
डीएम-एसपी ने खुद संभाली तैयारियों की कमान
Kushinagar: कुशीनगर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तमकुहीराज क्षेत्र के हरिहरपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच निर्माण, टेंट, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बकरीद को लेकर कुशीनगर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी हो जिससे आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। वहीं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने खुद संभाली तैयारियों की कमान
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
स्थलीय निरीक्षण के बाद कार्यक्रम स्थल पर ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय की गईं और अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने कार्यों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा प्रत्येक व्यवस्था समय से पूर्ण करें।
Location : Kushinagar
Published : 1 June 2026, 8:15 PM IST