Kaushambi: बहन को छोड़ने गया था मासूम, स्कूली वैन की चपेट में आने से गई जान, परिजनों ने लगाया जाम

कौशाम्बी के दलेलागंज मवई गांव में स्कूली वैन की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 14 October 2026, 4:33 PM IST

Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई। महेवाघाट थाना क्षेत्र के दलेलागंज मवई गांव में स्कूली वैन की चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बहन को छोड़ने गया था, हादसे में गई जान

जानकारी के मुताबिक, दलेलागंज मवई गांव निवासी बाल चंद्र निषाद का बेटा अभी निषाद बुधवार को अपने पिता के साथ बहन को छोड़ने गया था। इसी दौरान वह स्कूली वैन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम की मौत हो गई।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें: Kannauj Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो कारों की भिड़ंत में युवक की मौत, फरार कंटेनर चालक की तलाश

ग्रामीणों ने पकड़ा वैन चालक

मासूम की मौत के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वैन चालक को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया।

बच्चे की असमय मौत से ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। सड़क पर जाम लगने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम

घटना की सूचना मिलने पर महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें: Vaishali Boat Accident: एक गांव से उठीं 13 मासूमों की अर्थियां, बिलखते परिवारों से मिलकर भावुक हुईं DM

एएसपी अमिता सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण घटना को लेकर असंतुष्ट हैं, लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल, हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Location :  Kaushambi

Published :  14 October 2026, 4:33 PM IST