हिंदी
कार की डिग्गी से मिले शव का 24 घंटे में खुलासा(Img: Dynamite News)
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी के मंझनपुर थाना क्षेत्र में खेत में खड़ी स्विफ्ट कार की डिग्गी से मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मंझनपुर पुलिस और सीआईडब्ल्यू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट और मृतक के मोबाइल फोन समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को महमदपुर गांव के पास खेत में खड़ी एक स्विफ्ट कार की डिग्गी से 26 वर्षीय रवि यादव का शव मिला था। मृतक प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के बलीपुर जैतवार डीह गांव का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार व घटनास्थल से जुड़े सुराग जुटाए।
पुलिस की पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, रवि 12 सितंबर की रात अपने मामा के बेटों के साथ महमदपुर पहुंचा था। वहां शराब पीने के दौरान उसका संदीप यादव और शानू यादव से विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, संदीप ने पूछताछ में बताया कि रवि उसके साथ गाली-गलौज कर रहा था और इसी दौरान उसकी बहन से शादी करने की बात कहने लगा। इसी बात को लेकर विवाद और बढ़ गया।
पुलिस का दावा है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान संदीप ने कथित तौर पर पास में पड़ी ईंट उठाकर रवि के चेहरे, सीने और सिर पर कई बार वार कर दिए। गंभीर चोटों के चलते रवि की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने रवि के शव को स्विफ्ट कार की डिग्गी में रखा और वहां से निकलने की कोशिश की। हालांकि, खेत में कार फंस गई। इसके बाद आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। अगले दिन कार की डिग्गी से शव बरामद होने पर मामले ने तूल पकड़ लिया।
कौशाम्बी हादसे के बाद महराजगंज में प्रशासन अलर्ट, पटाखा गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
घटना की जांच में पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, सोमवार को संदीप यादव और शानू यादव को फनगांव वाटर पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल ईंट बरामद की गई है। इसके अलावा मृतक के दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी और दो डेबिट कार्ड भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Location : Kaushambi
Published : 14 September 2026, 7:42 PM IST