हिंदी
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेल नगर, झींझक में सोमवार देर शाम करीब 24 वर्षीय नवविवाहिता अंशिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंशिका घर की छत पर लगे कुंडे से फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अंशिका की जेठानी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मंगलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित कराए गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतका मूल रूप से शुक्लागंज की रहने वाली थी। करीब आठ माह पहले उसने प्रांशु नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के बाद पति प्रांशु घर से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डेरापुर क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घर में मौजूद अन्य परिजनों से भी पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 29 September 2026, 12:57 AM IST
Topics : Kanpur dehat love marriage Kanpur Dehat Police Kanpur dehat mangalpur police Newly Married Woman Death