हिंदी
श्री राम-केवट संवाद और दशरथ मरण की लीला का मंचन
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के कस्बा झींझक में आयोजित हो रही श्री आदर्श रामलीला कमेटी व्यापारिक मंडल झींझक की रामलीला में सोमवार की रात प्रभु श्री राम के वनवास प्रसंग से जुड़े निषाद मिलन, श्री राम-केवट संवाद और दशरथ मरण की लीला का मंचन किया गया। धार्मिक प्रसंगों का मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला मैदान पहुंचे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद झींझक के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र राव, डेरापुर पुलिस क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र कुमार सिंह रघुवंशी और मंगलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। अतिथियों ने प्रभु श्री राम, लक्ष्मण और मां जानकी की आरती उतारकर रामलीला का शुभारंभ कराया।
रामलीला के दौरान निषादराज और प्रभु श्री राम के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया गया। इसके बाद श्री राम और केवट के बीच हुए संवाद ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। केवट द्वारा प्रभु श्री राम के चरण पखारने और उन्हें गंगा पार कराने के प्रसंग ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं, भगवान राम के वनगमन के वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने का मंचन देखकर दर्शक भावुक हो गए।

रामलीला के दौरान कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और पूरा वातावरण जय श्री राम के जयघोष से गूंजता रहा।
इस मौके पर कमेटी के हरिशंकर तिवारी, रामू शुक्ला, यशोवर्धन तिवारी (लल्ला), आशीष त्रिपाठी, ब्रजेश राजपूत, छोटे पोरवाल, विमल शुक्ला, मंच संचालक गुड्डू यादव, रविन्द्र पालीवाल, रामपाल पाल, रंजन कुशवाहा, श्यामबाबू कैप्टन, अखिल शुक्ला (हरिओम) समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Location : Kanpur Dehat
Published : 13 October 2026, 2:36 AM IST