Kanpur Dehat News: सड़क पर टक्कर का बहाना, फिर तमंचे के दम पर 18 हजार की वसूली! एक आरोपी गिरफ्तार

कानपुर देहात में कैंटर चालक और उसके पिता के साथ कथित वसूली का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कार में सवार चार लोगों ने टक्कर का आरोप लगाकर दोनों को रोक लिया।

Post Published By: MOHIT BATHAM KANPUR
Updated : 19 October 2026, 6:31 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंटर चालक और उसके पिता को तमंचे के बल पर डराकर जबरन वसूली करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चार लोगों ने कार से कैंटर को रोककर उसकी कार में टक्कर मारने का आरोप लगाया और चालक व उसके पिता के साथ मारपीट कर उनसे नकदी व ऑनलाइन के माध्यम से कुल 18 हजार रुपये की वसूली की थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले टक्कर मारी फिर मारपीट

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के चकफाजलपुर निवासी जिलानी अपने पिता के साथ 17 अक्टूबर की रात आइसर कैंटर से रसूलाबाद से सिकंदरा की ओर जा रहे थे। मंगलपुर क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास एक कार सवार चार लोगों ने उनका कैंटर रुकवा लिया। आरोप है कि कार सवारों ने कैंटर से अपनी कार में टक्कर लगने की बात कहते हुए जिलानी और उनके पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि इस दौरान जिलानी से एक हजार और उनके पिता से दो हजार रुपये नकद ले लिए गए। इसके बाद तमंचे के बल पर और रुपये की मांग की गई। डर के कारण जिलानी ने अपने मित्र के माध्यम से आरोपियों द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। इस तरह आरोपियों ने कुल 18 हजार रुपये वसूल लिए।

ये भी पढ़ें- आपदा प्रभावित गांवों में नुकसान का आकलन तेज, 72 घंटे में रिपोर्ट तलब; DM गौरव सिंह सोगरवाल सख्त

18 अक्टूबर को पीड़ित ने दर्ज कराया था मुकदमा

मामले में 18 अक्टूबर को मंगलपुर थाने में जिलानी की तहरीर पर शिवम, अमित पाल समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर खम्हैला मोड़ के पास से शिवम सिंह गौर उर्फ पुत्ती (22) निवासी शंकरगंज, झींझक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी से की कड़ाई से पूछताछ

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई सत्यम, अमित पाल उर्फ अनुज और उसके एक साथी के साथ कार में सवार था। आरोपियों ने सड़क पर किसी वाहन को रोककर फर्जी टक्कर का आरोप लगाकर रुपये ऐंठने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना में 18 हजार रुपये वसूले जाने की बात स्वीकार की है।

ये भी पढ़ें- सीतापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया डंपर, आग लगने से चालक गंभीर रूप से झुलसा

पुत्ती के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले

गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास बताया गया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ मंगलपुर थाने में लूट, चोरी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं। मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर तलाश की जा रही है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  19 October 2026, 6:31 PM IST

Related News

Advertisement