Kanpur Dehat: वाहन की चपेट में आने से मासूम की मौत

जनपद कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र अंतर्गत रामपुर टप्पेवान गांव में शनिवार की शाम को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 April 2026, 8:59 PM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र अंतर्गत रामपुर टप्पेवान गांव में शनिवार की शाम को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां चार पहिया वाहन की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की फाइल फ़ोटो

हादसे में मासूम बेटी की मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर टप्पेवान गांव निवासी विक्रांत चौहान की दो वर्षीय पुत्री जाह्नवी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक चार पहिया वाहन वहां से गुजरा और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

कानपुर देहात में बिजली व्यवस्था चरमराई, 200 गांवों में छाया अंधेरा, मचा हाहाकार

परिवार के लोगों ने पुलिस को दी सूचना

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश दुबे व झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक मासूम के पिता विक्रांत सिंह चौहान ने बताया कि मेरे चार बच्चे थे जिसमें जाह्नवी दूसरे नंबर की पुत्री थी, आगे उन्होंने बताया कि मृतक मासूम की बड़ी बहन मानवी व छोटी बहन पायल है जबकि एक वर्षीय पुत्र कृष्णा है। हादसे में पुत्री की मौत के बाद मां सुधा का रो रोकर बुरा हाल है।

मेरठ में बेटी की लाश के साथ 4 महीने तक बैठ परफ्यूम डाल बदबू मिटाता रहा पिता

पुलिस की कार्रवाई 

थाना प्रभारी निरीक्षक महेश दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच की जा रही है। साथ ही फरार वाहन चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  11 April 2026, 8:59 PM IST