“मैं तुम्हें कभी नहीं छोड़ूंगा…” अस्पताल के बर्न वार्ड में दूल्हे ने रचाई शादी, भावुक हुआ पूरा अस्पताल

कानपुर के घाटमपुर में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब मेहंदी समारोह के दौरान सिलेंडर रिसाव से लगी आग में दुल्हन समेत 12 लोग झुलस गए। लेकिन दूल्हे ने मुश्किल वक्त में दुल्हन का साथ नहीं छोड़ा और अस्पताल के बर्न वार्ड में ही शादी कर प्यार और वफादारी की अनोखी मिसाल पेश की।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 17 May 2026, 1:38 AM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश में कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र से एक ऐसी भावुक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। जहां एक तरफ शादी की तैयारियों के बीच घर में खुशियों का माहौल था, वहीं दूसरी तरफ अचानक हुए हादसे ने सबकुछ बदल दिया। लेकिन मुश्किल हालात में भी दूल्हे ने अपनी दुल्हन का साथ नहीं छोड़ा और अस्पताल के बर्न वार्ड में ही शादी कर समाज के सामने प्यार और वफादारी की मिसाल पेश कर दी।

मामला घाटमपुर के जगन्नाथपुर गांव का है। यहां रहने वाले जगदीश सिंह की बेटी गरिमा सिंह उर्फ श्वेता की शादी कानपुर के तात्या टोपे नगर निवासी विकास सिंह के साथ तय थी। घर में मेहंदी समारोह चल रहा था। रिश्तेदारों की भीड़, शादी के गीत और खुशियों के बीच अचानक रसोई में गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

“कानून पर पूरा भरोसा है…” बेटे को पुलिस को सौंपने के बाद बोले केंद्रीय मंत्री, पुलिस ने कहा- यह सरेंडर नहीं, गिरफ्तारी है

घटना के दौरान चूल्हे पर रखी खौलते तेल की कड़ाही भी पलट गई, जिससे वहां मौजूद कई लोग झुलस गए। इस हादसे में दुल्हन गरिमा, उसके पिता और फोटोग्राफर समेत कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल पहुंची बारात, बर्न वार्ड बना मंडप

हादसे के बाद चार एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में दुल्हन और अन्य घायलों को कानपुर के जाजमऊ स्थित मिशिका हॉस्पिटल रेफर किया गया। जब दूल्हे विकास को इस हादसे की जानकारी मिली तो वह तुरंत परिवार के साथ अस्पताल पहुंचा।

डॉक्टरों और रिश्तेदारों ने सलाह दी कि फिलहाल शादी टाल दी जाए, लेकिन विकास ने साफ कहा कि रिश्ता सिर्फ अच्छे वक्त के लिए नहीं होता। उसने कहा कि वह हर परिस्थिति में गरिमा का साथ निभाएगा और शादी अभी होगी। दूल्हे के इस फैसले ने दोनों परिवारों को भावुक कर दिया।

Gorakhpur Murder Case: 2022 के चर्चित हत्याकांड में आरोपी को उम्रकैद, ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ के तहत मिली बड़ी सफलता

इसके बाद अस्पताल प्रशासन से विशेष अनुमति ली गई और बर्न वार्ड के एक हिस्से को फूलों और मालाओं से सजाया गया। नर्सिंग स्टाफ और परिजनों ने मिलकर शादी की तैयारियां पूरी कीं। शुक्रवार रात साधारण कपड़ों में पहुंचे विकास ने अस्पताल के बेड पर लेटी गरिमा की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी बना लिया।

भावुक हुए डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ

शादी का यह अनोखा दृश्य देखकर अस्पताल में मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। अस्पताल की मशीनों की आवाज और अपनों की दुआओं के बीच संपन्न हुई इस शादी ने सभी को भावुक कर दिया।

मिशिका हॉस्पिटल के एमडी डॉ. सुरेंद्र पटेल ने बताया कि अस्पताल के इतिहास में यह बेहद दुर्लभ और भावुक पल था। उन्होंने कहा कि दुल्हन की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है और उसे पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब 8 से 10 दिन लग सकते हैं।

Location :  Kanpur

Published :  17 May 2026, 1:38 AM IST