सुबह-सुबह गोलियों की गूंज! पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ बाइक चोर गिरोह, 9 बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र में पुलिस और अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि नौ बदमाश गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक चोरी की बाइक बरामद की हैं। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 July 2026, 11:53 AM IST
google-preferred

Kannauj: कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब हरिभानपुर गांव स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास पुलिस और अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

9 बदमाश गिरफ्तार, एक दर्जन से अधिक चोरी की बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 9 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक दर्जन से अधिक चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह कई जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

घायल बदमाश मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर

मुठभेड़ में घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। घायल बदमाश की निगरानी में पुलिस तैनात कर दी गई है और उससे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।

सीओ और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ छिबरामऊ सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों, बरामद हथियारों और वाहनों की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी में सबसे बड़ा खुलासा! 70 बार कैमरे में कैद हुई चोरी, पहली बार सामने आई SIT रिपोर्ट

आपराधिक नेटवर्क की तलाश में पुलिस

पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक इतिहास, उनके अन्य साथियों और चोरी की बाइक के खरीद-बिक्री नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Location :  Kannauj

Published :  7 July 2026, 11:53 AM IST

Advertisement