‘वोटों की लूट हो रही है…’, झांसी में सपा-कांग्रेस का हल्लाबोल, चुनाव आयोग के खिलाफ गरजे नेता; CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

झांसी में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सपा-कांग्रेस ने संयुक्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और मतदाता सूची में अनियमितताओं की जांच की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 8 October 2026, 8:07 PM IST

Jhansi: मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने झांसी में संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। सपा-कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मतदाता सूची से लोगों के नाम कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से हटाए जा रहे हैं, जिससे उनके मताधिकार का उल्लंघन हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में सत्ता पक्ष को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव और गरौठा के पूर्व सपा विधायक दीप नारायण सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में सपा-कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें: Fatehpur: सड़क किनारे जा रहा था भेड़ों का झुंड, तभी काल बनकर आया बेकाबू ट्रक… 14 की मौत, 40 घायल

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की जांच, चुनाव से जुड़ी अनधिकृत गतिविधियों में शामिल अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की नींव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर टिकी है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से चुनावी व्यवस्था प्रभावित हो रही है और मतदाताओं को उनके मताधिकार के इस्तेमाल से वंचित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद, लात-घूंसों तक पहुंचा, बदायूं में सड़क पर आपस में भिड़ीं दो लड़कियां; वीडियो वायरल

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त चुनाव को निष्पक्ष तरीके से कराने में असफल रहे हैं, इसलिए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। साथ ही मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और चुनाव से संबंधित गतिविधियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने विपक्षी नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को अपनी आवाज उठाने से रोकने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें: Jhansi News: छेड़छाड़ की शिकायत पर महिलाओं का हंगामा, पुलिस के सामने चप्पलों से पिटाई; VIDEO वायरल

प्रदर्शनकारियों ने चुनाव के दौरान प्रशासनिक हस्तक्षेप और बाहरी प्रभाव पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि मतदाताओं को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जिसमें वे बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष महेश कश्यप समेत सपा के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  jhansi

Published :  8 October 2026, 8:07 PM IST