फर्रुखाबाद में 10 हजार की रिश्वत लेते JE और SSO गिरफ्तार, बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी थी रकम

फर्रुखाबाद में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कानपुर इकाई ने विद्युत विभाग में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नए बिजली कनेक्शन का एस्टीमेट तैयार करने के नाम पर 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते जेई और एसएसओ को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 19 August 2026, 11:47 PM IST
google-preferred

Farrukhabad News: फर्रुखाबाद में बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। भ्रष्टाचार निवारण संगठन, कानपुर इकाई की टीम ने बुधवार को जाल बिछाकर विद्युत विभाग के जेई और एसएसओ को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से विभागीय कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

नए बिजली कनेक्शन के एस्टीमेट के लिए मांगे थे 10 हजार

जानकारी के मुताबिक, गुरौरा क्षेत्र से जुड़े जेई अजीत राजपूत पर आरोप है कि उन्होंने नए बिजली कनेक्शन का एस्टीमेट तैयार करने के बदले शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी भ्रष्टाचार निवारण संगठन को दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई की योजना तैयार की।

याकूतगंज उपकेंद्र पर बिछाया गया जाल

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र याकूतगंज स्थित कार्यालय को कार्रवाई के लिए चुना। टीम ने शिकायतकर्ता के जरिए रिश्वत की रकम पहुंचाने की व्यवस्था कराई। जैसे ही कथित तौर पर रिश्वत की रकम ली गई, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने जेई अजीत राजपूत और एसएसओ चन्द्रभान को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद विभाग में मचा हड़कंप

विजिलेंस की अचानक हुई कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को कोतवाली फतेहगढ़ लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की रकम लेने में दोनों की भूमिका क्या थी और इस मामले से जुड़े अन्य तथ्य क्या हैं।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में कार्रवाई

मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Farrukhabad

Published :  19 August 2026, 11:47 PM IST

Advertisement