गाय दफनाकर लौट रही JCB ने 11 साल की बच्ची को कुचला; मौके पर मौत, चालक फरार

हाथरस के आदर्श नगर जोगीपुरा में नगर पालिका की जेसीबी की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्ची नेहा की मौत हो गई। बताया गया कि जेसीबी मृत गाय को दफनाकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान जेसीबी का पंजा चालू होने से बच्ची उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक के फरार होने की बात सामने आई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 September 2026, 8:25 PM IST
google-preferred

Hathras: हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के आदर्श नगर जोगीपुरा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नगर पालिका की जेसीबी की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्ची नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जेसीबी मृत गाय को दफनाकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान गली से गुजर रही बच्ची उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया।

गली से गुजर रही थी नेहा

जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर जोगीपुरा की गली नंबर दो में रहने वाले बबलू की 11 वर्षीय बेटी नेहा किसी काम से गली से होकर जा रही थी। इसी दौरान नगर पालिका की जेसीबी वहां से वापस लौट रही थी। बताया गया कि सभासद की सूचना पर नगर पालिका की जेसीबी एक मृत गाय को दफनाने के लिए गई थी।

घर के आंगन में खेल रही थी लाडली और पलभर में उजड़ गई दुनिया, हाथरस की इस दर्दनाक घटना ने झकझोर कर रख दिया दिल

जेसीबी का पंजा चालू होने का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वापस लौटते समय जेसीबी का पंजा अचानक चालू हो गया। आरोप है कि इसकी चपेट में बच्ची नेहा आ गई। जेसीबी की चपेट में आने से बच्ची के सिर और छाती पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश

मासूम की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जेसीबी को मौके पर रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि आखिर जेसीबी गली में किस तरह संचालित की जा रही थी और बच्ची इसकी चपेट में कैसे आ गई।

हाथरस में अपराधियों की पहचान का बदलेगा तरीका, अब एक फिंगरप्रिंट खोल सकता है अपराध का पुराना राज

चालक मौके से फरार

हादसे के बाद जेसीबी चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद चालक वहां से चला गया। पुलिस ने जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना के समय जेसीबी को कौन चला रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मासूम नेहा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची की जिंदगी अभी शुरू ही हुई थी, उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।

Location :  Hathras

Published :  13 September 2026, 8:25 PM IST

Related News

Advertisement