मुजफ्फरनगर में पुलिस चौकी बनी ‘ड्रामा ग्राउंड’, बेटे को बचाने के लिए मां भिड़ी खाकी से

मुजफ्फरनगर के कूकड़ा चौकी में उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक को पुलिस गाड़ी में बैठाने के दौरान उसकी मां पुलिस से भिड़ गई। चाऊमीन ठेले के विवाद में पुलिस पर नाबालिग की पिटाई और पक्षपात के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 2:59 PM IST

Muzaffarnagar : मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित कूकड़ा चौकी बुधवार को उस वक्त हंगामे का अखाड़ा बन गई। जब एक गरीब परिवार की चीख-पुकार और पुलिस पर लगे गंभीर आरोपों ने पूरे इलाके को हिला दिया। चौकी परिसर में रोती-बिलखती मां, पुलिसकर्मियों से उलझते परिजन और कैमरों में कैद होता पूरा घटनाक्रम माहौल ऐसा था कि हर कोई बस यही पूछ रहा था कि आखिर खाकी इंसाफ कर रही है या दबाव बना रही है। बेटे को पुलिस की गाड़ी में जबरन बैठाए जाने की कोशिश देख मां इस कदर टूट गई कि चौकी परिसर उसकी चीखों से गूंज उठा। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चाऊमीन ठेले से शुरू हुआ पूरा विवाद

बताया गया कि ऋतिक नाम का युवक कूकड़ा चौक पर सूरज जैन की दुकान के बाहर चाऊमीन का ठेला लगाता है। ऋतिक पर कुछ लोगों के पैसे उधार थे। आरोप है कि बुधवार को पवन नाम का युवक अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया। ऋतिक ने कुछ दिन की मोहलत मांगी, लेकिन बात इतनी बढ़ गई कि कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि उसका ठेला भी खींचकर ले जाने की कोशिश हुई। शोर-शराबा सुनकर सूरज जैन की पत्नी मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता किए जाने के आरोप लगे।

चौकी पहुंचते ही बदल गया पूरा मामला

घटना के बाद ऋतिक ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस दोनों पक्षों को कूकड़ा चौकी ले आई, लेकिन यहीं से मामला और गर्मा गया। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि कार्रवाई आरोपियों पर करने के बजाय पुलिस उन्हीं पर दबाव बनाने लगी। सूरज जैन और उनकी पत्नी ने आरोप लगाया कि चौकी के अंदर उनके 13 वर्षीय नाबालिग बेटे को सेकंड चौकी इंचार्ज आकाश ओझा और अन्य पुलिसकर्मियों ने फट्टे से पीटा, जिससे बच्चे की कोहनी तक चोटिल हो गई। परिवार का कहना है कि उनका बेटा सिर्फ अपने माता-पिता के साथ चौकी आया था, लेकिन उसके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया।

बकरीद को लेकर मुजफ्फरनगर अलर्ट : अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर, सड़क पर नमाज की इजाजत नहीं

कैमरे ऑन होते ही बदले पुलिस के तेवर

करीब चार घंटे तक चौकी में बैठे रहने के बाद परिवारों का गुस्सा फूट पड़ा और चौकी परिसर में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान कुछ मीडियाकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कैमरे ऑन होते ही पुलिस का रवैया अचानक बदल गया और खाकी बैकफुट पर नजर आने लगी। हालांकि पूरे विवाद के बावजूद पवन और उसके साथी पर केवल शांतिभंग की धारा 151 में कार्रवाई की गई। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गरीब युवक की रोजी-रोटी छीनने की कोशिश हुई, महिलाओं के साथ बदसलूकी हुई, लेकिन पुलिस ने मामूली कार्रवाई कर मामले को दबाने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं कूकड़ा चौकी पुलिस का कहना है कि कूकड़ा चौराहे पर हंगामे की सूचना मिली थी, जिसके बाद दोनों पक्षों को चौकी लाया गया। पुलिस के अनुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों का 151 में चालान किया गया। पुलिस ने नाबालिग की पिटाई के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। फिलहाल चौकी में रोती मां और पुलिस से भिड़ते परिवारों के वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 May 2026, 2:59 PM IST