पहले बीवी का कत्ल, फिर खुद भी सूली पर चढ़ा पति, जानें ग्रेटर नोएडा के दंपति ने क्यों उठाया यह कदम

ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में पहले महिला की हत्या हुई और फिर पति की भी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैली हुई है।

Post Published By: ईशा त्यागी
Updated : 29 December 2025, 4:56 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र से सामने आई यह घटना किसी क्राइम फिल्म की कहानी जैसी लगती है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा डरावनी है। सरस्वती कुंज इलाके में घरेलू विवाद ने ऐसा तांडव मचाया कि पति और पत्नी दोनों की जिंदगियां खत्म हो गई। जब कमरे का दरवाजा खुला तो अंदर का मंजर देखकर हर कोई सन्न रह गया।

किराए के मकान में रह रहा था दंपती

एडिशनल डीसीपी सेंट्रल संतोष कुमार सिंह के मुताबिक मृतक की पहचान अनिल पुत्र जोगेंद्र पाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से एटा जिले के सकरौली गांव का रहने वाला था और पिछले करीब एक महीने से अपनी पत्नी अनीता के साथ सरस्वती कुंज, बिसरख में किराए के मकान में रह रहा था। अनिल एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था, जबकि उसकी पत्नी अनीता साफ-सफाई का काम करती थी।

फतेहपुर में गूंजी महिला की चीख: जंगल से घर तक खून के धब्बे, जानें उस खामोश रात में ऐसा क्या हुआ?

सुबह शुरू हुआ विवाद, रात को टूटा सब्र

पुलिस जांच में सामने आया है कि 28 दिसंबर की सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों अपने-अपने काम पर चले गए। रात को जब दोनों वापस कमरे में लौटे, तो वही विवाद फिर से शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में अनिल ने अनीता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण अनीता की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कमरे में ही दूसरी मौत

पत्नी की मौत के बाद अनिल घबरा गया। पुलिस के मुताबिक इसके कुछ समय बाद उसी कमरे में उसकी भी मौत हो गई। जब काफी देर तक दोनों बाहर नहीं निकले, तो आसपास के लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस और फील्ड यूनिट की जांच

सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जेल मिलने पहुंची बीवी फात्मा, जानें आजम खान ने अपनी बीवी के कान में चुपके से क्या कहा?

इलाके में पसरा मातम

इस दर्दनाक घटना के बाद सरस्वती कुंज इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना भयावह मोड़ ले लेगा।

आगे की कार्रवाई जारी

एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Location : 
  • Greater Noida

Published : 
  • 29 December 2025, 4:56 PM IST