
विधायक के निरीक्षण से मचा हड़कंप
Gorakhpur: जनपद के खजनी क्षेत्र स्थित नगर पंचायत उनवल में बन रहे बहुचर्चित बारात घर के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला उजागर हुआ है। करीब 2 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस सार्वजनिक भवन की गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा शिकायतें की जा रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जिसमें निर्माण कार्य की हकीकत सामने आ गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। दीवारों की मजबूती कमजोर पाई गई, प्लास्टर उखड़ता नजर आया और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद निम्न स्तर की दिखी। भवन की फिनिशिंग कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया, जिससे इसकी दीर्घकालिक स्थायित्व पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदाई संस्था सीएनडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) द्वारा कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरू से ही निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा था।
फायरिंग और पत्थरबाजी से गूंजा मथुरा हाईवे, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; जानिये पूरा अपडेट
मौके पर मौजूद विधायक प्रदीप शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और जनता के पैसे से बनने वाले ऐसे निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदाई संस्था की जवाबदेही तय करने और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और जहां भी खामियां पाई जाएं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो निर्माण कार्य को रोककर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
LPG Crisis: रसोई गैस की भारी किल्लत, रामनगर में उपभोक्ताओं ने उठाया ये बड़ा कदम
इस खुलासे के बाद स्थानीय प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर दबाव बढ़ गया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद क्या कार्रवाई होती है और क्या क्षेत्र की जनता को एक सुरक्षित, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बारात घर मिल पाता है या नहीं।
Location : Gorakhpur
Published : 22 March 2026, 5:39 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur Crime Gorakhpur News UP News