रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, कार के उड़े परखच्चे

रायबरेली के डलमऊ क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने के बाद वह अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया, जिसमें एक परिवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Raebareli : शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कटघर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से यह हादसा हुआ। अचानक हुए इस एक्सीडेंट में एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टायर फटते ही बेकाबू हुआ ट्रक

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया जब उसका टायर फट गया। टायर फटते ही ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सामने चल रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

परिवार के तीन लोग घायल

कार में जौनपुर निवासी रवींद्र यादव अपनी पत्नी श्वेता और 8 साल के बेटे सहर्ष के साथ यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार प्रयागराज से दिल्ली एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में डलमऊ कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

डॉक्टरों ने बताया हालत गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

रायबरेली में दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोग घायल, एक की मौत से कोहराम

यातायात रहा प्रभावित

हादसे के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया और ट्रैफिक को फिर से सामान्य कराया।

पुलिस जांच में जुटी

इस मामले में डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे यह हादसा हुआ। शुरुआती जांच में ट्रक का टायर फटना हादसे की वजह बताया जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि सही कारण सामने आ सके।

 

Location :  Raebareli

Published :  2 May 2026, 11:56 AM IST

Advertisement