हिंदी
आम की डिमांड देश-विदेश तक फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
New Delhi: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में उगने वाला दुनिया के सबसे दुर्लभ और विशाल आमों में शामिल ‘नूरजहां’ आम एक बार फिर चर्चा में है। इस सीजन में अब तक का सबसे बड़ा नूरजहां आम 3.30 किलोग्राम वजन का निकला है, जिसे 3,800 रुपये में बेचा गया। आम उत्पादकों का दावा है कि पेड़ों पर लगे कुछ फल अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुए हैं और जून के अंत तक उनका वजन 4 किलोग्राम तक पहुंच सकता है।
कट्ठीवाड़ा के आम उत्पादक भरतराज सिंह जादव के मुताबिक, उनके बाग में दो पुराने और 11 नए ग्राफ्टेड नूरजहां के पेड़ हैं। इस बार फसल अच्छी रही है और सबसे बड़ा फल 3.30 किलो का रहा। उन्होंने कहा कि कई बड़े फल अभी पेड़ों पर हैं, जिनका अंतिम वजन तुड़ाई के बाद ही पता चलेगा।
नूरजहां आम की मांग अब केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रही। राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु से भी इसके लिए पूछताछ हो रही है। खास बात यह है कि इस सीजन के नूरजहां आम यूएई, अमेरिका और स्पेन तक पहुंचे हैं। हालांकि इनका सीधा निर्यात नहीं हुआ, बल्कि लोग इन्हें अपने परिचितों के जरिए विदेश ले गए।
आगरा का खौफनाक हत्याकांड: संपत्ति के लालच में रिश्ते का कत्ल, बहन की हत्या करने वाले निक्कू को फांसी
नूरजहां आम की ऊंची कीमत और बढ़ती मांग को देखते हुए बाग मालिकों ने सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए हैं। भरतराज सिंह जादव के बाग में करीब 2,500 आम के पेड़ हैं, जिनकी निगरानी के लिए 10 गार्ड तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नूरजहां की खेती में किसी भी तरह के रासायनिक पदार्थों का उपयोग नहीं किया जाता।
उत्पादकों का कहना है कि कुछ दशक पहले नूरजहां आम का वजन 4.50 किलोग्राम तक पहुंच जाता था, लेकिन बदलते मौसम और जलवायु परिस्थितियों के कारण अब इसका सामान्य वजन 3.50 से 3.80 किलोग्राम के बीच रह गया है। इसके बावजूद नूरजहां आज भी अपने विशाल आकार, दुर्लभता और स्वाद के कारण देश के सबसे चर्चित आमों में शामिल है।
Location : New Delhi
Published : 17 June 2026, 2:32 PM IST
Topics : MP News Noorjahan Mango USA Mango Demand