हिंदी
सड़क हादसा (Img: Ai-Generated)
New Delhi: दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। मुरथल में खाना खाने के लिए निकले तीन दोस्तों की कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग की चपेट में आ गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक 22 वर्षीय समद दरियागंज इलाके का निवासी था। उसके साथ रहने वाले दोस्त हमजा और हारिब भी उसी क्षेत्र के रहने वाले हैं। रविवार शाम तीनों ने मुरथल जाकर खाना खाने का प्रोग्राम बनाया था। देर रात वे कार से दिल्ली से हरियाणा की ओर जा रहे थे, लेकिन किसको पता था कि यह सफर उनका आखिरी होगा।
रात करीब डेढ़ बजे अलीपुर के बूढ़पुर इलाके के पास उनकी कार अचानक एक गाड़ी से टकरा गई। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और सड़क पर कई बार पलटता चला गया। हादसे के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
UP Road Accident: मैनपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा…महिला की मौत, 8 लोग घायल
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं हमजा और हारिब का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 17 June 2026, 2:35 PM IST
Topics : Car Accident News Delhi Delhi Crime