Hathras: दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों पर प्रशासन की नजर, डीएम ने संभाली कमान; सुरक्षा से सुविधाओं तक तैयारियों का जायजा

हाथरस में होने वाले ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम अतुल वत्स ने मेला परिसर का निरीक्षण कर प्रवेश-निकासी, पार्किंग, सुरक्षा, सफाई और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 23 August 2026, 8:39 AM IST
google-preferred

Hathras: आगामी माह से शुरू होने वाले 115वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार को मेला परिसर का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने ले-आउट प्लान के जरिए मेले में होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से सभी जरूरी काम तय समय में पूरा करने को कहा।

प्रवेश और निकासी के लिए अलग रास्ते

मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन रास्तों को इस तरह तैयार किया जाए कि भीड़ के समय लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया। पार्किंग स्थल पर वाहनों के आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मेले के आसपास जाम की स्थिति न बने।

यह भी पढ़ें: Hathras News: घर पहुंचने से पहले जिंदगी की आखिरी सवारी बनी बाइक, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

आपात स्थिति में तुरंत निकासी की व्यवस्था

डीएम ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए वैकल्पिक रास्ते तैयार किए जाएं। उन्होंने इन रास्तों और निकासी व्यवस्था का पहले से परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।

सफाई और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

मेला परिसर में साफ-सफाई और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। स्थायी इंटरलॉकिंग कराने के साथ बिजली के पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में वॉच टावर लगाए जाएंगे। दुकानों और झूलों के लिए अलग-अलग क्षेत्र तय किए जाएंगे, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुचारु रखने में मदद मिलेगी।

स्थायी सुविधाओं पर दिया जोर

डीएम ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसलिए ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएं, जिनका इस्तेमाल आने वाले वर्षों में भी किया जा सके। उन्होंने स्थायी और बहुउपयोगी व्यवस्थाएं बनाने पर जोर दिया। इससे हर साल होने वाले खर्च को भी कम किया जा सकेगा और मेले की व्यवस्था बेहतर होगी।

कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

मेले के दौरान कंट्रोल रूम को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए। यहां से पूरे मेला परिसर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पार्किंग, सफाई, बिजली और आपातकालीन सेवाओं की विभागवार समीक्षा कर सभी काम समय से पूरा कराने को कहा गया।

यह भी पढ़ें: Hathras: हाथरस में दबंगों की करतूत से शर्मसार हुई मानवता, सरेआम युवक के साथ घिनौनी हरकत

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम अतुल वत्स ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एएसपी, एसडीएम सदर, सीओ पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी समेत लोक निर्माण, विद्युत, नगर पालिका और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  23 August 2026, 8:39 AM IST

Related News

Advertisement