
हरदोई के स्कूल में विवाद से मचा हड़कंप (Img- Internet)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई में कैनाल रोड स्थित सनबीम स्कूल में प्रिंसिपल और एक अभिभावक के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। 24 अप्रैल को हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया और मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता नीलम वर्मा का आरोप है कि स्कूल प्रशासन उन पर महंगी कॉपी-किताबें खरीदने का दबाव बना रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी को होमवर्क नहीं दिया जा रहा था। जब वह इस मुद्दे पर बात करने स्कूल पहुंचीं तो प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और ‘शटअप’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
वहीं प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने इन आरोपों को साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि फीस न देने के कारण विवाद खड़ा किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय स्कूल में वैक्सीनेशन के दौरान एक बच्ची के बेहोश होने की सूचना से वह तनाव में थीं, जिसके चलते उन्होंने ऊंची आवाज में बात की। हालांकि बाद में उन्होंने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी।
अभिभावक द्वारा बाहर से किताबें खरीदने पर प्रिंसिपल का खून खौल गया...मामला हरदोई के सनबीम स्कूल का बताया जा रहा है। 🤦 pic.twitter.com/YeJ5dDAyEp
— Shivaji Mishra | डिजिटल पत्रकार (@08febShivaji) April 27, 2026
इस घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेता अर्पण कुशवाहा ने फीस वृद्धि और जबरन कॉपी-किताब खरीदवाने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बीच प्रिंसिपल को कैमरे के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।
Video: रायबरेली में सपाइयों ने गाजीपुर, हरदोई घटना पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
27 अप्रैल को बीएसए डॉ. अजीत सिंह ने पुलिस और साइबर टीम के साथ स्कूल में छापेमारी की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज (DVR) और स्कूल के रजिस्टर जब्त कर लिए गए। प्रशासन ने शिक्षकों और छात्रों से भी पूछताछ की है। शुरुआती जांच में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है।
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए प्रिंसिपल के स्कूल आने पर रोक लगा दी है। साथ ही, स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए नोटिस देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हरदोई में आग का तांडव: वर्कशॉप जलकर खाक, पढ़ें पूरी खबर
इस घटना ने एक बार फिर निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का आरोप है कि कई स्कूल उन्हें तय दुकानों से महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर करते हैं। हरदोई प्रशासन ने पूरे जिले के निजी स्कूलों की जांच के संकेत दिए हैं, ताकि इस तरह की शिकायतों पर रोक लगाई जा सके।
Location : Hardoi
Published : 28 April 2026, 8:43 AM IST
Topics : ABVP Protest Hardoi News UP News Viral video