Hardoi: महिला लेखपाल का आरोप, SDM ने चैंबर में बुलाकर की आपत्तिजनक बातें, जानिए क्या है पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक महिला लेखपाल ने शाहाबाद तहसील के SDM पर अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 7 July 2026, 6:26 PM IST
google-preferred

Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल ने SDM सुशील मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि SDM ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर अभद्र व्यवहार किया, आपत्तिजनक बातें कहीं और धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, SDM ने सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है।

चैंबर में बुलाकर पूछी जाति, लगाए गंभीर आरोप

महिला लेखपाल के अनुसार, सोमवार को उन्हें फोन कर एसडीएम कार्यालय बुलाया गया। वहां पहुंचने पर सबसे पहले उनसे उनकी जाति पूछी गई। महिला का कहना है कि जब उन्होंने बताया कि वह अनुसूचित जाति (एससी) से हैं, तो उनसे निजी बातचीत की गई। शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी आंखों की परेशानी का जिक्र किया, तब SDM ने अनुचित टिप्पणी की और उन्हें अपने चैंबर में ही काम करने के लिए कहा। विरोध करने पर कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया।

राम मंदिर में करोड़ों की चोरी: खाली रहता था सीसीटीवी कंट्रोल रूम, कर्मचारियों ने ऐसे लगाया ट्रस्ट को चूना

पिता ने भी लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप

महिला लेखपाल के पिता का कहना है कि बेटी के फोन के बाद वह तुरंत तहसील पहुंचे। उनका आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले पर आपत्ति जताई तो SDM ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

SDM ने आरोपों को बताया निराधार

SDM सुशील मिश्रा ने महिला लेखपाल द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि यह शिकायत पूरी तरह झूठी है। उन्होंने दावा किया कि महिला लेखपाल अपनी पसंद की जगह पर तैनाती चाहती हैं और इसी वजह से उन पर दबाव बनाने के लिए आरोप लगाए जा रहे हैं। SDM ने यह भी कहा कि घटना के समय उनके कार्यालय में कई कर्मचारी मौजूद थे, जिनके बयान से सच्चाई सामने आ सकती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला लेखपाल की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सुशील मिश्रा वर्ष 2023 बैच के PCS अधिकारी हैं। शाहाबाद तहसील में उनकी तैनाती कुछ महीने पहले ही हुई थी। अब यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर पुलिस जांच के नतीजों पर है।

Location :  Hardoi

Published :  7 July 2026, 6:26 PM IST

Related News

Advertisement