रुपये के लिए प्रताड़ना या हादसा? आगरा में राजा की मौत, बीवी समेत 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा में एक जूता कारीगर की मौत के बाद सनसनी फैल गई है। परिजनों ने पत्नी समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मारपीट और रुपये के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 September 2026, 5:25 PM IST

Agra News: आगरा के शाहगंज इलाके में एक जूता कारीगर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि ससुराल में हुई मारपीट के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान खेरिया मोड़ रोड निवासी 38 वर्षीय राजा के रूप में हुई है। शनिवार सुबह एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान राजा की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे ब्रेन हेमरेज की स्थिति में भर्ती किया था। राजा के परिवार ने उसकी मौत के पीछे ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि पत्नी और उसके रिश्तेदार लगातार राजा पर रुपये देने का दबाव बना रहे थे और परेशान कर रहे थे। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

15 साल पहले हुआ था निकाह, नहीं थी कोई संतान

राजा के भाई बंटी ने बताया कि उसके बड़े भाई का करीब 15 साल पहले शहीद नगर निवासी रिजवाना से निकाह हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अलग रहने लगी थी। दोनों के कोई संतान भी नहीं थी। परिवार का आरोप है कि लॉकडाउन के बाद दबाव बनाकर राजा को शहीद नगर में ससुराल के पास रहने के लिए मजबूर किया गया। वहां पत्नी के अलावा उसके चाचा शाहिद अली और बहन इमराना भी राजा को परेशान करते थे।

रुपये और लोन को लेकर लगाए गए आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि राजा के नाम पर लोन लिया गया था और कुछ लोगों को उसके नाम से सिम भी दिलवाई गई थीं। आरोप है कि रुपये देने से मना करने पर पत्नी ने करीब तीन महीने पहले पुलिस में शिकायत कर उसे घर से निकलवा दिया था। इसके बाद राजा खेरिया मोड़ इलाके में रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक, 5 सितंबर को राजा को ससुराल बुलाया गया था। वहां से लौटने के बाद उसने पत्नी और अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। अगले दिन सुबह राजा ने सिर में तेज दर्द की शिकायत की और अचानक बेहोश हो गया।

इलाज के दौरान मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

राजा को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां सीटी स्कैन में सिर की नस में चोट के कारण परेशानी सामने आई। परिवार ने इस मामले की शिकायत शहीद नगर पुलिस चौकी में भी की थी। परिजनों का कहना है कि उस समय राजा के होश में आने के बाद बयान लेने की बात कही गई थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत करने पर ससुराल पक्ष ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। शनिवार को राजा की मौत के बाद परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शिकायत के आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Location :  Agra

Published :  27 September 2026, 5:25 PM IST