
जिला जेल में गूंज रहे बम बम भोले के जयकारे (IMG: Dynamite News)
Kanpur Dehat: सावन का पवित्र महीना चल रहा है। ऐसे में भगवान शिव के भक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने के लिए पूजा-अर्चना और व्रत कर रहे हैं। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। लेकिन कानपुर देहात के जिला कारागार से भी सावन में आस्था की एक अलग तस्वीर सामने आई है, जहां जेल में बंद कैदी भी भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।
जिला कारागार में बंद करीब 55 कैदी सावन के सोमवार का व्रत रख रहे हैं। व्रत रखने वाले बंदियों को जेल प्रशासन की ओर से नियमानुसार पूजा-अर्चना और व्रत के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें दूध, केला, उबले हुए आलू, गुड़ सहित व्रत में खाई जाने वाली अन्य सामग्री शामिल है।
जिला कारागार अधीक्षक धीरज सिन्हा ने बताया कि सावन के दौरान बंदियों को उनकी धार्मिक आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना की सुविधा दी जा रही है। जेल परिसर में बने भगवान शिव के मंदिर में बंदी प्रतिदिन पूजा करते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना करते हैं। सावन के सोमवार को व्रत रखने वाले बंदियों के लिए जेल मैनुअल के अनुसार भोजन और फलाहार की व्यवस्था की जाती है। जेल प्रशासन का कहना है कि बंदियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नियमों के दायरे में उन्हें पूजा-पाठ की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कानपुर देहात में CHO पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर पति के साथ भी हुई मारपीट
जेल की चारदीवारी के भीतर भगवान शिव की आराधना करते कैदियों की यह तस्वीर यह संदेश भी देती है कि इंसान किसी भी परिस्थिति में हो, उसके मन में आस्था और भगवान के प्रति विश्वास बना रह सकता है। सावन के महीने में जेल परिसर में भी भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 11 August 2026, 8:14 PM IST
Topics : Kanpur Dehat News lord shiva Sawan Somvar UP News