Hamirpur News: खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर समेत गहरे कुएं में गिरा किसान, मचा हड़कंप

यूपी के हमीरपुर जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां खेत की जुताई कर रहा एक किसान ट्रैक्टर समेत गहरे कुएं में गिर गया। पढे़ं डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर

Updated : 30 May 2025, 3:24 PM IST
google-preferred

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ममना गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत की जुताई कर रहा एक किसान ट्रैक्टर समेत एक गहरे कुएं में जा गिरा। यह हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही ट्रैक्टर और किसान दोनों पानी में समा गए।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, किसान की पहचान रामकिशन के रूप में हुई है, जो शुक्रवार सुबह खेत की जुताई कर रहा था। खेत के एक कोने में मौजूद पुराने कुएं की ओर जाते हुए ट्रैक्टर का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में पहले से भरे पानी और गहराई के कारण न तो ट्रैक्टर दिखाई दे रहा है और न ही किसान का कोई पता चल सका है।

कुएं में समा गया ट्रैक्टर और किसान

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन काफी समय तक कोई भी राहत या प्रशासनिक सहायता नहीं पहुंच सकी। इस देरी पर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर प्रशासन ने हस्तक्षेप किया होता, तो शायद किसान को जल्द ही बाहर निकाला जा सकता था

Farmer fell into well along with tractor in Hamirpur

कुएं में गिरे किसान को देखते ग्रामीण

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने खुद ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। उन्होंने पास से क्रेन और पंप मंगवाए हैं और कुएं में भरे पानी को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जब तक किसान या ट्रैक्टर का कोई सुराग नहीं मिलता, तब तक वे रुकेंगे नहीं।

क्या बोले परिजन और ग्रामीण

रामकिशन के भाई और अन्य परिजनों ने डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत करते हुए प्रशासन की निष्क्रियता पर रोष जताया। उनका कहना है कि इस हादसे के घंटों बीत जाने के बाद भी कोई भी उच्च अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुराने कुएं को खुला छोड़ना एक बड़ी लापरवाही है और यह हादसा प्रशासन की अनदेखी का नतीजा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

फिलहाल कुएं से पानी निकालने का काम जारी है और रेस्क्यू टीम को किसी भी समय सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। आसपास के गांवों से भी लोग मदद के लिए पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रशासन अब मौके पर पहुंच चुका है और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Location :  Hamirpur

Published :  30 May 2025, 2:59 PM IST

Advertisement